भारत

UP चुनाव ओपिनियन पोलः एक माह में बदले समीकरण, जानिए क्या कहता है सर्वे

Rani Sahu
31 Jan 2022 6:05 PM GMT
UP चुनाव ओपिनियन पोलः एक माह में बदले समीकरण, जानिए क्या कहता है सर्वे
x
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर एक और ओपिनियन पोल सामने आया है

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर एक और ओपिनियन पोल सामने आया है। इंडिया टीवी-ग्राउंड जीरो रिसर्च टीम ने यह ओपिनियन पोल (Opinion Poll) किया है। इसी टीम ने पिछले महीने यानी दिसंबर में भी सर्वे किया था। दिसंबर और जनवरी के सर्वे में अन्य ओपिनियन पोल के मुकाबले कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। 2017 के नतीजों से तुलना करें तो बीजेपी को नुकसान हो रहा है और सपा को बड़ा फायदा हो रहा है। लेकिन दिसंबर से तुलना करने पर स्थिति उलट जाती है।

सीएम योगी के गोरखपुर से लड़ने की घोषणा के बाद किया गया यह सर्वे बता रहा है कि उनके लड़ने से पूर्वांचल में बीजेपी का बड़ा फायदा हो रहा है। केवल पूर्वांचल ही नहीं पूरे यूपी में बीजेपी की सीटें बढ़ रही हैं। दिसंबर में किये गए ओपिनियन पोल की तुलना में अब बीजेपी को फायदा और सपा को नुकसान हो रहा है। सर्वे के अनुसार भाजपा को को 242-244 सीटें मिलती दिख रही हैं। सपा गठबंधन को 148-150 सीटें मिल सकती हैं। दिसंबर में हुए सर्वे में बीजेपी को 230 से 235 और सपा को 160-165 सीटें मिलती दिख रही थीं। यानी बीजेपी को पिछले महीने के मुकाबले करीब 12 सीटें ज्यादा मिल रही हैं। वहीं सपा की 12 सीटें कम हो गई हैं।
बसपा और कांग्रेस की सीटों में ज्यादा अंतर नहीं है। बीएसपी को पहले 3 से 7 सीटें मिल रही थीं जो अब 4-6 मिल रही हैं। इसी तरह कांग्रेस को पहले 3 से 5 सीटें मिल रही थीं और अब 3 से 7 मिलती दिख रही हैं। अन्य को पहले की तरह 1 से 3 सीटें मिल सकती हैं। वोट प्रतिशत की बात करें तो भाजपा को 42 और सपा को 37 प्रतिशत वोट मिल रहे हैं। बसपा को 13 और कांग्रेस के खाते में 4 प्रतिशत ही वोट आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री की पसंद
मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ अब भी नंबर वन पसंद बने हुए हैं। योगी को 38 प्रतिशत लोग सीएम देखना चाहते हैं। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 31 प्रतिशत लोगों ने सीएम देखने की इच्छा जाहिर की है। बसपा प्रमुख मायावती 13 और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केवल 6 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं।
जाट सपा गठबंधन के साथ
जातिवार वोटों की बात करें तो साठ प्रतिशत जाट वोट सपा गठबंधन को मिलने जा रहा है। 80 प्रतिशत मुस्लिम भी सपा के साथ हैं। ओवैसी को कोई फायदा होता नहीं दिख रहा है। पिछड़ों में यादवों को वोट सपा को मिल रहा है, जबकि गैर यादव वोट बीजेपी के साथ जा रहे हैं। ब्राह्मण मतदाता भी बीजेपी के साथ बना हुआ है।
जाट वोट सपा के पास लेकिन सीटें बीजेपी को मिल रही
सर्वे में जाट वोट सपा को भले मिल रहा हो लेकिन पश्चिमी यूपी में बीजेपी को ज्यादा सीटें मिलती दिख रही हैं। बीजेपी को 58 से 62 सीटें मिल सकती हैं। वहीं समाजवादी पार्टी और आरएलडी को 34 से 38 सीटें मिलती दिख रही हैं। बीएसपी को 0 से 2 और कांग्रेस और अन्य का खाता खुलता नहीं दिख रहा है।
अवध में बीजेपी को 111 में से 66 से 68 सीटें
ओपिनियन पोल के मुताबिक अवध की कुल 111 सीटों में से बीजेपी गठबंधन को 66 से 68 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं सपा गठबंधन 39 से 41 सीटें जीत सकती है। इस इलाके में भी बसपा का प्रदर्शन ठीक नहीं है। बसपा और कांग्रेस को इस इलाके में 1 से 3 सीटें मिल सकती हैं।
रोहिलखंड में भी खिलेगा कमल
इस क्षेत्र में आने वाली 52 सीटों में से 22 से 24 सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में जाती दिख रही है। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में 28 से 30 सीटें जा सकती हैं। दूसरे दलों का इस इलाके में खाता खुलता नहीं दिख रहा है।
बुंदेलखंड में बीजेपी को सबसे बड़ा फायदा
इंडिया टीवी के सर्वे रिपोर्ट में बुंदेलखंड इलाके में बीजेपी के सामने कोई दल टिकता नहीं दिख रहा। इस इलाके से बीजेपी के खाते में 16 से 18 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं समाजवादी पार्टी के खाते में महज 1-3 सीटें जा सकती हैं। कांग्रेस और बीएसपी दोनों का ही खाता खुलता नहीं दिख रहा।
पूर्वांचल में दिखा योगी के लड़ने का असर
योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से चुनाव लड़ने का फायदा क्या बीजेपी को पूर्वांचल में मिल रहा है। इंडिया टीवी के सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी और सपा के बीच कई सीटों पर कांटे का मुकाबला है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक पूर्वांचल में बीजेपी गठबंधन को 74 से लेकर 78 सीटें मिल सकती हैं। वहीं दूसरी ओर सपा गठबंधन को 40 से 44 सीटें और बीएसपी-कांग्रेस और अन्य को 1 से 3 सीटें मिलने का अनुमान है।
Next Story