भारत

यूपी के डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर किया बड़ा हमला

Rohit Sharma
3 Jan 2022 10:52 AM GMT
यूपी के डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर किया बड़ा हमला
x

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर सोमवार को बड़ा हमला किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि कारसेवकों पर गोली और कांवरियों पर लाठी बरसाने वालों को अचानक राम की याद आने लगी है। ऐसे चुनावी हिन्दुओं से सावधान रहने की आवश्यकता है।

केशव ने कानपुर में इत्र कारोबारी के यहां छापे की ओर इशारा करते हुए कहा कि समाजवादी इत्र की खुशबू जब से फैली है, अखिलेश यादव के चेहरे पर 12 बज गए हैं। हलक से आवाज नहीं निकल रही है। सपा के ब्राह्मण प्रेम पर निशाना साधते हुए कहा कि जो राम का नहीं हुआ, वह परशुराम का क्या होगा?

केशव ने कहा कि अखिलेश यादव 2022 नहीं 2027 की तैयारी करें। भाजपा की 2014 में आंधी और 2019 से सुनामी चल रही है। इसके आगे सपा-बसपा व कांग्रेस पत्ते की तरह बिखर जाएंगे। विधानसभा चुनाव में सपा 47 की संख्या भी पूरी कर ले तो बहुत है। कांग्रेस पर बात करना समय की बर्बादी है।

केशव मौर्य सोमवार को सिकंदरपुर के चेतन किशोर मैदान में भाजपा के पिछड़ा वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने करीब 72 करोड़ की लागत से बनने वाली 42 सड़कों व छह पुलों का शिलान्यास और 53.63 करोड़ से बनीं 48 सड़कों का लोकार्पण किया। डिप्टी सीएम ने विधानसभा चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन का दावा करते हुए नारा दिया कि सौ में 60 हमारा, बाकी में बंटवारा। इस दौरान मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, सलेमपुर सांसद रवीन्दर कुशवाहा, राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, सिकंदरपुर विधायक संजय यादव, बिल्थरारोड विधायक धनंजय कन्नौजिया, डॉ. विजय रंजन, रवि राय आदि थे।

Next Story