
x
लखनऊ (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का प्रचार जोरों पर है। इसी क्रम में सत्तारूढ़ दल भाजपा और मुख्य विपक्षी सपा के बीच वीडियो वार शुरू हो गया है। दोनों पार्टियां गाना लॉन्च कर एक दूसरे की कमियां गिना रही हैं। भाजपा ने सोमवार को अपने ट्विटर हैंडल से सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए एक वीडियो सॉन्ग लॉन्च किया। जिसका शीर्षक है 'गुंडे पुकारते हैं अखिलेश आइए'। सपा ने इस पर पलटवार किया है। सपा ने भी भाजपा को घेरते हुए अपने ट्विटर हैंडल से एक गाना लॉन्च कर दिया, जिसका शीर्षक है - 'जो जनता को सताए हैं हम उनको हटाएंगे'।
भाजपा ने इस सॉन्ग के जरिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। गाने में मुजफ्फरनगर दंगों, महिलाओं के खिलाफ अपराध, मुख्तार, गायत्री प्रजापति का भी जिक्र किया गया है। इस गाने के वीडियो में अतीक अहमद को भी दिखाया गया है। भाजपा ने अपने वीडियो के जरिए समाजवादी पार्टी को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरने की कोशिश की है।
उधर सपा की ओर से जारी जवाबी वीडियो गीत में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरा गया है। गाने में अपने अधिकार के लिए लड़ रहे छात्र एवं युवा-युवतियों पर पुलिसिया लाठीचार्च को दिखाया गया है। आवारा पशुओं से किसानों को हो रही परेशानी को भी जगह दी गई है।
इसके अलावा सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार, कोरोना के दौरान अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की दयनीय हालत का भी जिक्र किया गया है। गाने में मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को दिखाते हुए उन्हें हटाने की बात कही गई है। वीडियो में अखिलेश सरकार के दौरान बने एक्सप्रेस वे समेत अन्य विकास कार्य को झलक भी दिखाई गई है।
ज्ञात हो कि यूपी में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होगा। 18 में से 9 मंडलों में 4 मई को पहले चरण में तथा बाकी 9 मंडलों में दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होगा। इस तरह सूबे के कुल 75 जिलों में मतगणना 13 मई को एक साथ होगी।
Tagsउत्तर प्रदेश निकाय चुनावयूपी निकाय चुनावभाजपासपाUttar Pradesh civic electionsUP civic electionsBJPSP
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





