भारत

यूपी बोर्ड रिजल्ट जारी, कशिश वर्मा-अंशिका वर्मा 10वीं में टॉपर, 12वीं में शिखा वर्मा बनीं टॉपर

Shantanu Roy
23 April 2026 4:47 PM IST
यूपी बोर्ड रिजल्ट जारी, कशिश वर्मा-अंशिका वर्मा 10वीं में टॉपर, 12वीं में शिखा वर्मा बनीं टॉपर
x
बड़ी खबर
Uttar Pradesh. उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आज 23 अप्रैल को यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड ने परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in पर जारी किए हैं। रिजल्ट जारी होते ही लाखों छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। इस वर्ष 10वीं कक्षा में कशिश वर्मा और अंशिका वर्मा ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं दूसरे स्थान पर अदिति रहीं, जिन्होंने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर अर्पिता और परी वर्मा ने जगह बनाई, दोनों ने 97.33 प्रतिशत अंक हासिल किए।
12वीं कक्षा में शिखा वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया। दूसरे स्थान पर नंदनी गुप्ता और श्रेया वर्मा रहीं, जिन्होंने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर सुरभि यादव और पूजा पाल ने जगह बनाई, दोनों ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने परिणाम को ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके लिए छात्रों को यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर 10वीं या 12वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी भरकर सबमिट करना होगा, जिसके बाद परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। छात्र अपने रिजल्ट को डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के उपयोग के लिए उसकी हार्ड कॉपी भी रख सकते हैं।
इस वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा का आयोजन 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक किया गया था। परीक्षा में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार, इस बार कुल 50 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें हाईस्कूल के लिए 27 लाख 61 हजार 696 छात्र और इंटरमीडिएट के लिए 25 लाख 76 हजार 82 छात्र शामिल थे। रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों और छात्रों में खुशी का माहौल है। टॉपर्स के घरों में भी जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर छात्र अपने प्रदर्शन को लेकर उत्साहित नजर आए। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत जारी किया गया है और छात्र अपने अंक ऑनलाइन पोर्टल पर देख सकते हैं।
Next Story