
x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने अपने मीडिया विभाग की नई टीम की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति से जारी सूची में कुल 56 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न स्तरों पर अपनी टीमों का पुनर्गठन कर रही है। भाजपा की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि प्रदेश मीडिया विभाग के पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति से की गई है। नई टीम में मीडिया से जुड़े प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री @mppchaudhary की अनुमति से भाजपा, उत्तर प्रदेश की मीडिया विभाग के पदाधिकारियों की घोषणा निम्नवत् है-
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) October 3, 2026
1/2 pic.twitter.com/k3znOwlpcU
इससे पहले भी भाजपा ने उत्तर प्रदेश में संगठन के विभिन्न हिस्सों में बदलाव किए हैं। सितंबर में पार्टी ने अपनी प्रदेश सोशल मीडिया टीम घोषित की थी, जिसमें पूर्व प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया था। इसके साथ छह सह-संयोजक और तीन सदस्यों की नियुक्ति की गई थी। पार्टी ने हाल के महीनों में जिला प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों की टीमों में भी नई नियुक्तियां की हैं। एक अक्टूबर को पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, किसान, अल्पसंख्यक और महिला मोर्चा की नई टीमों की घोषणा की गई थी।
उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होना है। इसी को देखते हुए भाजपा की ओर से अक्टूबर में संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम भी तैयार किया गया है, जिनमें प्रदेश नेतृत्व और पार्टी पदाधिकारियों के बीच चुनावी तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी है। नई मीडिया टीम पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों और राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया समन्वय से जुड़े काम संभालेगी। इसके साथ ही प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी के संदेशों के संचार की जिम्मेदारी भी इन पदाधिकारियों के पास रहेगी।
Next Story





