भारत

एकतरफा प्रेम: सिरफिरा दबोचा गया, ब्लैकमेल तक किया

jantaserishta.com
10 Sept 2022 8:26 AM IST
एकतरफा प्रेम: सिरफिरा दबोचा गया, ब्लैकमेल तक किया
x

न्यूज़ क्रेडिट: आजतक

देश की बड़ी मोबाइल कंपनी में नेशनल हेड के पद पर तैनात इस आरोपी को अरेस्ट करने के लिए पुलिस के साथ एसटीएफ को लगाना पड़ा.
कानपुर: कानपुर पुलिस ने एकतरफा प्यार करने वाले ऐसे सिरफिरे को गिरफ्तार किया है, जिसे देख खुद लड़की भी हैरान रह गई. ये युवक एक तरफ तो लड़की का हमदर्द बना था. वहीं दूसरी ओर उसे बदनाम करने के लिए फेक आईडी का इस्तेमाल कर रहा था. देश की बड़ी मोबाइल कंपनी में नेशनल हेड के पद पर तैनात इस आरोपी को अरेस्ट करने के लिए पुलिस के साथ एसटीएफ को लगाना पड़ा.
कानपुर की किदवई नगर पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर हरदोई जिले के रहने वाले मोहन सिंह नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि युवक किदवई नगर की एक लड़की को कई महीने से बदनाम और ब्लैकमेल कर रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी मोहन सिंह देश की एक नामी कंपनी में नेशनल हेड के पद पर था. कानपुर की लड़की शहर के मोबाइल आउटलेट में काम करती थी, इस दौरान आरोपी से उसकी बातचीत होती थी.
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपी मोहन को लड़की से एकतरफा प्रेम हो गया. उसने पहले लुभावनी बातों में लड़की को फंसाने की कोशिश की. जब लड़की ने उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया तो वह सीधे शादी का प्रस्ताव लेकर उसके घर पहुंच गया. इस पर लड़की ने उसे मना कर दिया. इसके बाद आरोपी मोहन ने लड़की का ट्रांसफर लखनऊ करा दिया.
आरोपी ने प्लान बनाया था कि वह मीटिंग के सिलसिले में अक्सर लखनऊ जाता है तो लड़की से मुलाकात होती रहेगी, लेकिन लड़की ने लखनऊ जाने की जगह इस्तीफा दे दिया और कानपुर में दूसरी कंपनी जॉइन कर ली. इसके बाद भी मोहन लड़की से बात करता रहता था.
जब आरोपी को पता चला कि लड़की ने इस्तीफा दे दिया है तो लड़की को परेशान करने के लिए विशाल नाम से फेक आईडी बनाई. उस आईडी से लड़की के अश्लील फोटो बनाकर उसके हेड ऑफिस को टैग कर पोस्ट कर दी. इसके साथ ही विशाल नाम की ईमेल आईडी से उसके ऑफिस को एक मेल भी किया. लड़की के दोस्तों को फर्जी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर भेजे. इसके अलावा लड़की को मैसेज भेजकर पांच लाख रुपये की मांग भी करने लगा.
इसके बाद लड़की ने पहले किदवई नगर थाने में शिकायत की, फिर सीएम पोर्टल पर भी कम्प्लेन दर्ज कराई. जब लड़की ने पुलिस को धमकी दी कि मुझे बदनाम करने वाले को पकड़ा नहीं गया तो सुसाइड कर लूंगी. इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने मामले की जांच शुरू की.
साइबर सेल की मदद से पूरी जानकारी जुटाकर जब पुलिस आरोपी को पकड़कर लाई तो उसे देखकर लड़की भी हैरान रह गई, क्योंकि लड़की को नहीं पता था कि उसे बदनाम करने वाला वही युवक है, जो शादी का प्रपोजल लेकर उसके घर आया था. पुलिस ने आरोपी मोहन को जेल भेज दिया है. जॉइंट कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी का कहना है कि लड़की ने मामले की शिकायत की थी, जिस पर जांच के बाद युवक को गिरफ्तार किया गया है. हम लड़की की सुरक्षा का ध्यान रख रहे हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story