भारत

केंद्रीय उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती

jantaserishta.com
3 Jan 2022 5:01 PM GMT
केंद्रीय उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती
x
पढ़े पूरी खबर

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी तक कोरोना का कहर तेजी से बढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें गाजियाबाद में कौशांबी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चंदौली से सांसद और मोदी सरकार में भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय को सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र में एक ओवरब्रिज का भी लोकार्पण करना था। लेकिन वह नहीं पहुंच सके। माना जा रहा है कि संक्रमण के कारण ही उन्होंने कार्यक्रम से दूरी बना ली। उनकी जगह चंदौली के विधायकों ने मिलकर ओवरब्रिज का लोकार्पण किया।
अस्पताल की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि 64 वर्षीय डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय को पिछले 2 से 3 दिनों से बुखार, सर्दी, खांसी, गला खराब और बाए साइड सीने में दर्द की शिकायत थी। सोमवार को तड़के 2:30 पर उन्हें यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कौशांबी की इमरजेंसी में लाया गया और सभी जांचें की गईं। हॉस्पिटल में उनका कोविड-19 के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया जो पॉजिटिव आया।
इसके तुरंत बाद उनका सैंपल आरटी पीसीआर टेस्ट के लिए भेज दिया गया और वो भी पॉजिटिव आया है। इसकी जानकारी अस्पताल प्रशासन द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी गाजियाबाद कार्यालय में दे दी गई है। उनकी खून की जांच की गई है जिसमें कोविड-19 बंधित इंफेक्शन मार्कर की वैल्यू बढ़ी हुई पाई गई है। हॉस्पिटल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ अनुज अग्रवाल ने बताया कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
डॉ महेंद्र नाथ पांडेय यशोदा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल कौशांबी के कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं और उनका इलाज रेस्पिरेट्री एवं क्रिटिकल केयर टीम के वरिष्ठ डॉक्टर, डॉ आरके मणि, डॉ केके पांडे, डॉ अर्जुन खन्ना एवं डॉ अंकित सिन्हा, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ सुमंतो चटर्जी, फिजिशियन डॉ. एपी सिंह कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी सघन निगरानी की जा रही है और उनकी हालत अभी स्थिर है।
गाजियाबाद में 24 घंटे में 93 नए मामले सामने आए। इससे सक्रिय केसों की संख्या 280 हो गई है। गौतमबुद्ध नगर में सबसे ज्यादा 117 नए मामले सामने आए। सक्रिय मामलों की संख्या यहां 355 हो गई है।
नए साल के जश्न और कोविड नियमों की अनदेखी की वजह से देश में कई जगह कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी देखने को मिली है। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में सूबे की राजधानी जहां 80 कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है, वहीं 7 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 278 पहुंच गयी है। इस दौरान बीते 24 घंटे में किसी की भी कोरोना से मृत्यु नहीं हुई है।
इससे पहले नोएडा में अप्रैल-मई के महीने में 100 से ज्यादा मरीज सामने आए थे। 11 जून को 75 केस दर्ज किए गए थे, जिसके बाद से यह संख्या और कम होती गई थी। अब फिर नोएडा में कोरोना की रफ्तार डराने लगी है। यहां कुल ऐक्टिव केस 335 हो गए हैं और नोएडा कोरोना के मामलों में प्रदेश में टॉप पर पहुंच गया है।
Next Story