भारत

भारत मंथन-2025 के कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कही ये बड़ी बात

Shantanu Roy
28 Sept 2025 7:10 PM IST
भारत मंथन-2025 के कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कही ये बड़ी बात
x
देखें VIDEO...
Araria. अररिया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने शनिवार को अररिया में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एनडीए की जीत का दावा किया। शाह ने कहा कि बिहार की जनता इस बार 160 से अधिक सीटें जीताकर एनडीए की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक मजबूत तैयारी करें और लालू प्रसाद यादव के "जंगलराज" की वापसी को रोकने के लिए एनडीए को जीत दिलाएं। इस सम्मेलन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और अररिया सांसद प्रदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में भागलपुर, कोशी और पूर्णिया क्षेत्र से आए 4,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मेलन और चुनावी रणनीति
शाह ने कहा कि जब चुनाव का माहौल बनता है तो सभी राजनीतिक दल जनसभाएं आयोजित करते हैं, लेकिन भाजपा सबसे पहले अपने कार्यकर्ताओं को संगठित कर सम्मेलन करती है। उन्होंने याद दिलाया कि 2020 के विधानसभा चुनाव में किशनगंज को छोड़कर एनडीए लगभग हर जिले में नंबर एक पर रहा था। इस बार किशनगंज की कमी भी भाजपा कार्यकर्ता पूरा करेंगे।
घुसपैठियों पर बड़ा बयान
अपने भाषण में शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और राहुल गांधी केवल अपनी पार्टी बचाने के लिए। जबकि भाजपा के लिए यह चुनाव बिहार से घुसपैठियों को खदेड़ने का है। शाह ने कहा कि यदि जनता ने दो-तिहाई बहुमत से एनडीए को विजयी बनाया, तो बिहार की पवित्र भूमि से घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी और लालू यादव घुसपैठियों को मताधिकार दिलाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा किसी कीमत पर ऐसा होने नहीं देगी।
चार दीपावली का संकल्प और मोदी सरकार की उपलब्धियां
शाह ने अपने भाषण में कहा कि इस बार बिहार की जनता चार दीपावली मनाएगी। पहली, पारंपरिक दीपावली प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी के उपलक्ष्य में; दूसरी, जब प्रधानमंत्री मोदी ने 75 लाख जीविका दीदियों को ₹10,000 दिए; तीसरी, जीएसटी सुधारों से जनता को मिले राहत की वजह से; और चौथी, जब बिहार में भाजपा-एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों को हर साल ₹6,000 भेज रहे हैं, जिससे उनकी आय बढ़ रही है। इसी तरह, बिहार की महिलाओं को गैस सिलेंडर, शौचालय और मातृ वंदना योजना का लाभ मिला है। शाह ने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की पारदर्शी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा।
बिहार में विकास कार्य और केंद्र का सहयोग
शाह ने बिहार में केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की धरती से मखाना बोर्ड की घोषणा हुई, भागलपुर में 2400 मेगावॉट का पावर प्लांट बना, पूर्णिया एयरपोर्ट चालू हुआ और बिहार को कुल छह एयरपोर्ट मिले। साथ ही, कोसी-मेची लिंक परियोजना से अब बाढ़ की जगह खेतों में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने 1 करोड़ 17 लाख माताओं को गैस सिलेंडर, 1.50 करोड़ लोगों को शौचालय और 48 लाख माताओं को मातृ वंदना योजना का लाभ दिया। साथ ही, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन को ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 किया गया।
Next Story
null