भारत

एयर इंडिया फ्लाइट में टूटी सीट पर बैठकर दिल्ली गए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अनुभव किया साझा

jantaserishta.com
22 Feb 2025 11:54 AM IST
एयर इंडिया फ्लाइट में टूटी सीट पर बैठकर दिल्ली गए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, अनुभव किया साझा
x

फाइल फोटो

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सेवाओं पर सवाल उठाते हुए एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने विमान में सीट की खराब स्थिति को लेकर आपत्ति जताई. उन्होंने बताया कि उन्हें भोपाल से दिल्ली की यात्रा के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट AI436 में टिकट मिला था, जहां उन्हें सीट नंबर 8C आवंटित की गई, लेकिन जब वे अपनी सीट पर पहुंचे, तो देखा कि वह टूटी हुई थी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना तकलीफदेह हो गया.
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इस मामले को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट शेयर की है. इसमें केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि आज मुझे भोपाल से दिल्ली आना था, पूसा में किसान मेले का उद्घाटन, कुरुक्षेत्र में प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक और चंडीगढ़ में किसान संगठन के माननीय प्रतिनिधियों से चर्चा करनी है. मैंने एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI436 में टिकट करवाया था. मुझे सीट क्रमांक 8C आवंटित हुई. मैं जाकर सीट पर बैठा, सीट टूटी और अंदर धंसी हुई थी. बैठना तकलीफदायक था.
चौहान ने आगे लिखा है कि जब मैंने विमानकर्मियों से पूछा कि खराब सीट थी तो आवंटित क्यों की? उन्होंने बताया कि प्रबंधन को पहले सूचित कर दिया था कि ये सीट ठीक नहीं है, इसका टिकट नहीं बेचना चाहिए, ऐसी एक नहीं और भी सीटें हैं. इस दौरान सहयात्रियों ने मुझसे आग्रह किया कि मैं उनसे सीट बदलकर अच्छी सीट पर बैठ जाऊं, लेकिन मैं अपने लिए किसी और मित्र को तकलीफ क्यों दूं, मैंने फैसला किया कि मैं इसी सीट पर बैठकर अपनी यात्रा पूरी करूंगा.
केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा है कि मेरी धारणा थी कि टाटा प्रबंधन के हाथ में लेने के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर हुई होगी, लेकिन ये मेरा भ्रम निकला. मुझे बैठने में कष्ट की चिंता नहीं है, लेकिन यात्रियों से पूरा पैसा वसूलने के बाद उन्हें खराब और कष्टदायक सीट पर बैठाना अनैतिक है. क्या ये यात्रियों के साथ धोखा नहीं है? क्या आगे किसी यात्री को ऐसा कष्ट न हो, इसके लिए एयर इंडिया प्रबंधन कदम उठाएगा या यात्रियों की जल्दी पहुंचने की मजबूरी का फायदा उठाता रहेगा.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story