भारत

बेकाबू पिकअप का कहर, पकौड़ी के ठेले को मारी टक्कर, 2 बच्चों की मौत

SHIDDHANT
3 Nov 2026 11:16 PM IST
बेकाबू पिकअप का कहर, पकौड़ी के ठेले को मारी टक्कर, 2 बच्चों की मौत
x
कई घायल
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पकौड़ी के ठेले से टकरा गई। इस दौरान ठेले के पास खेल रहे कई बच्चे वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा मुंढापांडे थाना क्षेत्र के मुड़िया भाईपुर गांव में मंगलवार शाम करीब पांच बजे हुआ। सड़क किनारे पकौड़ी का ठेला लगा हुआ था और आसपास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और ठेले में जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीखें सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और घायलों को बचाने में जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मुंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से घायलों को तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण अरविंद यादव ने बताया कि दुर्घटना मुड़िया भाईपुर गांव के पास हुई। उनका कहना है कि पिकअप ने सड़क किनारे मौजूद बच्चों को टक्कर मार दी, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे बोलेरो पिकअप सड़क किनारे खड़े ठेले से टकराई थी। हादसे में घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वाहन और चालक को हिरासत में लिया गया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story