भारत

हेलीपेड में 2 जवान घायल, नेता पहुंचे तो भीड़ हुई बेकाबू

Nil dhankar
3 Nov 2025 7:53 AM IST
हेलीपेड में 2 जवान घायल, नेता पहुंचे तो भीड़ हुई बेकाबू
x
पढ़े पूरी खबर

मुंगेर। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की मुंगेर जनसभा में उत्साही समर्थकों की भीड़ बेकाबू हो गई. सभा खत्म होने के बाद समर्थकों की भीड़ ने अपने नेता से हाथ मिलाने और सेल्फी लेने की होड़ में बैरिकेडिंग तोड़ दी और हेलीकॉप्टर तक पहुंच गई, जिससे सुरक्षा-व्यवस्था चरमरा गई. इस अफरा-तफरी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को हेलीपैड से बाहर निकाला. दरअसल, तेजस्वी यादव रविवार को मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के चरवाहा विद्यालय मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. सभा खत्म होने के बाद वहां मौजूद उत्साही समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर हेलीकॉप्टर के पास पहुंच गए. इसके बाद तेजस्वी के साथ सेल्फी लेने और हाथ मिलाने की होड़ मच गई.सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने भीड़ को हेलीपैड से खदेड़ा, लेकिन इस दौरान धक्का-मुक्की दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.

घायल पुलिसकर्मी रामदुलार सिंह की नाक में और संदीप कुमार के पैर में गंभीर चोट लगी है. दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायलों ने बताया कि ड्यूटी के दौरान समर्थक डी-एरिया तोड़कर हेलीपेड में घुस आए. भीड़ हटाने के क्रम में धक्के लगने से वे घायल हो गए. पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

जनसभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील करते हुए कहा, 'एक मौका दीजिएगा तो नौकरी पक्की मिलेगी. यदि महागठबंधन की सरकार बनी तो हर परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा किया.' तेजस्वी ने जनता से खुद को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की और कहा कि मुंगेर जिले की हर समस्या, खासकर टोपो लैंड और खास महाल की दिक्कतों को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा.

Next Story
null