भारत

ऑपरेशन सवेरा में 4.10 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

SHIDDHANT
17 Aug 2026 12:22 AM IST
ऑपरेशन सवेरा में  4.10 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
x
स्मैक तस्करी के बरेली कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
Saharanpur सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो कथित स्मैक तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 804 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये है। पुलिस अब आरोपियों के बरेली और स्थानीय ड्रग तस्करों से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक मयंक पाठक ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशे की लत और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस लगातार नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 804 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4.10 करोड़ रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद होने के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एसपी मयंक पाठक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कमर्शियल क्वांटिटी से जुड़े मामले दर्ज होने की बात कही गई है। इसे देखते हुए पुलिस आरोपियों के खिलाफ PIT NDPS के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।
इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी से कथित रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान भी की जाएगी। पुलिस के मुताबिक एनडीपीएस एक्ट की धारा 68E और 68F के तहत संपत्ति जब्ती से संबंधित कार्रवाई भी की जाएगी। आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों और उनके आर्थिक लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के तार बरेली के कुछ ड्रग तस्करों से जुड़े होने की संभावना सामने आई है। एसपी ने बताया कि आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी, इसका पता लगाया जा रहा है।
पुलिस स्थानीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के साथ आरोपियों के संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाएगी। सहारनपुर पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की सप्लाई चेन तोड़ने के साथ तस्करों के नेटवर्क और उनकी संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story