
x
कार का दरवाजा नहीं खुला, दम घुटने से दो बच्चियों की जान गई
Rajasthan राजस्थान: अलवर शहर में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बंद पड़ी क्षतिग्रस्त कार में फंसने से दो नाबालिग बहनों की मौत हो गई। घटना खुदानपुरी इलाके की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने को मौत का कारण माना जा रहा है।
मृत बच्चियों की पहचान टीना (8) और लक्ष्मी (5) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें सुबह करीब 11:30 बजे पास के एक कार मरम्मत केंद्र के आसपास खेल रही थीं। इसी दौरान वे वहां खड़ी एक लावारिस और क्षतिग्रस्त लाल कार में घुस गईं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों बच्चियां कार के ड्राइवर साइड से अंदर जाती और दरवाजा बंद करती दिखाई दी हैं। पुलिस का कहना है कि अंदर जाने के बाद वे दरवाजा दोबारा नहीं खोल पाईं और वाहन के भीतर फंस गईं।
बच्चियों के पिता रमेश ने बताया कि वह काम पर गए थे और दोपहर में लौटने पर बेटियां घर पर नहीं मिलीं। काफी तलाश के बाद दोनों को कार के अंदर बेहोशी की हालत में पाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वैशाली नगर थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बताया कि संबंधित वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और उसका इंजन व बैटरी निकाली जा चुकी थी। शुरुआती जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Next Story





