भारत

एसयूवी कार के टक्कर मारने से मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत

Admin4
23 Aug 2023 12:59 PM IST
एसयूवी कार के टक्कर मारने से मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत
x
दिल्ली। दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर एक एसयूवी कार के टक्कर मारने से मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुजरात के गिरसोमनाथ जिले के उना गांव के मूल निवासी हर्ष खट्टर (22) और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली सुमन (24) टक्कर के कारण दोपहिया वाहन से दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि सुमन एक निजी ट्रैवल एजेंसी में काम करती थीं और सुखराली गांव में अपने परिवार के साथ रहती थीं, जबकि हर्ष सेक्टर 39 में किराए के मकान में रहते थे और हाल ही में उन्हें गुरुग्राम में एक वस्त्र कंपनी में नौकरी मिली थी।
मृतक के भाई यश खट्टर ने अपनी शिकायत में कहा, "मुझे पता चला कि हर्ष सोमवार रात साढ़े नौ बजे सुमन के साथ अपनी बाइक पर घूमने गया था। जब वे रात लगभग 11 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर यू-टर्न पुल पर पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को टक्कर मार दी।”
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 304-ए (लापरवाही के कारण मौत), 427 (चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमारे पास दोषी के वाहन का पंजीकरण नंबर है और चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा”
Next Story