भारत

टहलने निकले 2 लोगों की हत्या, फायरिंग की वारदात से गांव में दहशत

Nil dhankar
28 April 2026 7:16 AM IST
टहलने निकले 2 लोगों की हत्या, फायरिंग की वारदात से गांव में दहशत
x
पढ़े पूरी खबर

पंजाब। बटाला क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक गोलीबारी की घटना सामने आई. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. यह घटना श्री हरगोबिंदपुर उपमंडल के भोमा गांव में उस समय हुई, जब तीनों व्यक्ति रात के समय टहलने के लिए निकले थे. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

पुलिस के अनुसार कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक तीनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए. इस हमले में कश्मीर सिंह और जुगराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान भी जुगराज सिंह के रूप में हुई है, गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) महताब सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी प्रकार की रंगदारी, धमकी या फिरौती से जुड़ा कोई स्पष्ट एंगल सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है.

SSP ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.

Next Story