
मुरादाबाद। मूंढापांडे हादसे में जान गंवाने वाली दोनों युवतियां रोहतक के होली हार्ट अस्पताल की नर्स निकलीं। वह अस्पताल के स्टाफ के साथ नैनीताल स्थित बाबा नीम करौली के दर्शन कर लौट रही थीं। सूचना पर मृतकों के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
शव देखकर फफक पड़े। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन रोहतक ले गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि कार चालक ने गूगल मैप्स से रास्ता देखा जिसके कारण वो बाईपास छोड़ एक कट के जरिए हाईवे पर चढ़ रहे थे। इसी कारण रॉन्ग साइड से उनकी कार आई और सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। दूसरी ओर मूंढापांडे में ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
मूंढापांडे पुलिस के अनुसार, कार सवार चारों दोस्त नीम करौली धाम में दर्शन करने के बाद नैनीताल पहुंचे थे। मंगलवार की रात को चारों नैनीताल से वापस हरियाणा जा रहे थे। काशीपुर के रास्ते मुरादाबाद पहुंचे थे। उनकी कार मूंढापांडे क्षेत्र में जीरो प्वाइंट पर हाईवे पर चढ़ी तभी दिल्ली की ओर से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक में फंस गई। ट्रक चालक कार को 50 मीटर तक घसीटते हुए लेकर चला गया। इसके बाद कार निर्यात फर्म की दीवार से टकरा गई। कार के इंजन से धुआं निकलने लगा। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला।
आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद लॉक बंद होने के कारण कार में ही चारों दोस्त फंस गए थे। पुलिस और स पड़ोस के लोगों ने करीब एक घंटे आस की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला। पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने दोनों युवतियों को मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान हरियाणा के रोहतक जनपद के आईएमटी थाना क्षेत्र के कंसाला निवासी शिवानी और रोहतक के शिवाजी कॉलोनी निवासी सिमरन के रूप में हुई है, जबकि घायल राहुल रोहतक के सदर थाना क्षेत्र के टिटौली निवासी है। संजू रोहतक जनपद के गहू अकबरपुर थाना क्षेत्र के मोखला का रहने वाला है। एसपी सिटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शिवानी और सिमरन रोहतक में ही होली हार्ट अस्पताल में नर्स थीं।





