भारत

हिंसा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, एक शालीमार बाग तो दूसरा लखनऊ से पकड़ा गया

jantaserishta.com
20 April 2026 9:39 AM IST
हिंसा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, एक शालीमार बाग तो दूसरा लखनऊ से पकड़ा गया
x
नोएडा: नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना फेस-2 पुलिस ने हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा को हिरासत में लिया है, जिन पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने और उसमें सक्रिय भूमिका निभाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी श्रमिक धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और उग्र गतिविधियों में शामिल थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का संपर्क इस मामले के कथित मास्टरमाइंड आदित्य आनंद से था, जो पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर था। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस टीमों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की और अंततः इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपी हिमांशु ठाकुर मूल रूप से उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र में रह रहा था।
वहीं, सत्यम वर्मा लखनऊ के निशातगंज क्षेत्र का निवासी है। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि दोनों ‘विगुल मजदूर दस्ता’ नामक संगठन के सक्रिय सदस्य हैं और आंदोलन के दौरान भी उनकी भूमिका काफी अहम रही। इस मामले में इससे पहले रूपेश रॉय और मनीषा चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और मास्टरमाइंड आदित्य आनन्द को भी पुलिस शनिवार रात गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है, ताकि हिंसा के पीछे की साजिश का पूरी तरह से खुलासा किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story