भारत

टेंपो पर शटरिंग प्लेट गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक घायल

Rani Sahu
26 Feb 2022 5:22 PM GMT
टेंपो पर शटरिंग प्लेट गिरने से दो मजदूरों की मौत, एक घायल
x
केशवपुरम इलाके में शनिवार तड़के दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और उसका एक साथी घायल हो गया

केशवपुरम इलाके में शनिवार तड़के दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और उसका एक साथी घायल हो गया। मजदूर एक टेंपो पर शटरिंग प्लेट लेकर आ रहे थे। चालक के लापरवाही से ब्रेक लगाने पर प्लेट मजदूरों के उपर गिर गया और तीनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल तीनों मजदूरों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। जहां दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। घायल मजदूर को लोक नायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि मृत मजदूरों की पहचान लल्लन (34) और लक्ष्मण (35) के रूप में हुई है। जबकि घायल मजदूर की पहचान धर्मेंद्र शाह (32) के रूप में हुई है। शनिवार तड़के चार बजे केशवपुरम इलाके में पुलिस को हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने टेंपो पर सवार घायल तीन मजदूरों को पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां दो मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि धर्मेंद्र को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया है।
जांच में पता चला कि एक टेंपो पर मजदूर शटरिंग प्लेट लेकर जा रहे थे। टेंपो में तीनों मजदूर सो रहे थे। इस दौरान तेज गति से चल रहे टेंपो में चालक ने लापरवाही से अचानक ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगाते ही शटरिंग प्लेट मजदूरों के ऊपर आकर गिर गई और तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक और मजदूर तड़के तीन बजे फतेहपुर बेरी से टेंपो पर शटरिंग प्लेट लादकर पीडब्ल्यूडी कार्यालय केशवपुरम के गोदाम जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मृत और घायल मजदूर मूलत: बिहार के रोहतास के रहने वाले हैं और दिल्ली के केशवपुरम में रहते थे। पुलिस मृत मजदूरों के परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है। दो माह पहले ही तीनों मजदूर बिहार से दिल्ली आए थे और मजदूरी कर रहे थे। पुलिस ने चालक दीपचंद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।


Next Story