भारत

BMW कार पलटने से 2 की मौत, डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त

Nilmani Pal
22 Jun 2026 6:59 AM IST
BMW कार पलटने से 2 की मौत, डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त
x
पढ़े पूरी खबर

महाराष्ट्र। ठाणे जिले में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रविवार तड़के हुआ जब एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार सड़क के डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा कितना खतरनाक था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार सवारों के शरीर टुकड़ों में बंट गए। शुरुआती जांच के मुताबिक यह कार काफी रफ्तार में आ रही थी। जानकारी के मुताबिक जब हादसा हुआ कार की रफ्तार करीब 250 किमी प्रति घंटा थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब चार बजे मुंबई-वडोदरा राजमार्ग पर बदलापुर के निकट हुई, जब लग्जरी कार टिटवाला से लौट रही थी। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान बदलापुर निवासी योगेश दीघे (26) और रिकेबा जैकब (24) के रूप में हुई है। कार में सवार एक अन्य व्यक्ति आनंद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका ठाणे के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि कार सवार सभी लोग किसी जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार कथित रूप से तेज गति से चलाई जा रही थी। इसी दौरान वह सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार कई बार पलटने के बाद रुकी। दुर्घटना का प्रभाव इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने अधिकारियों को इस दुर्घटना की सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

Next Story