भारत
2 दमकलकर्मी की मौत 3 घायल, इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने पर बुझाने गए थे
jantaserishta.com
4 Aug 2026 8:06 AM IST

x
मचा हड़कंप.
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम गिरने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह हादसा 3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात करीब 3 बजे हुआ.
पुलिस के अनुसार, ईकोटेक 3 में स्थित ILGIM कंपनी में रात करीब 3 बजे अचानक आग लग गई. इस कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक पीसीबी चिप बनाने का काम होता है. आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फायर टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पाने का काम शुरू किया और कुछ ही समय में आग को बुझा लिया गया.
लेकिन आग बुझाने के इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. कंपनी की साइड की एक दीवार और लोहे का एक बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा. इसकी चपेट में आने से पांच फायरकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल होने वालों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल हैं. सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया.
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं बाकी तीन घायल फायरकर्मियों की हालत को खतरे से बाहर बताया गया है. हादसे के बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह हादसा उन फायरकर्मियों की जान पर बन आया जो लोगों की जान और संपत्ति बचाने के लिए आग बुझाने में जुटे थे. इस घटना ने एक बार फिर आग बुझाने के दौरान फायर टीमों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





