भारत

गणेश आगमन के दौरान प्रतिमा गिरने से दो की मौत, 5 घायल

Subhi
23 Aug 2026 6:42 AM IST
गणेश आगमन के दौरान प्रतिमा गिरने से दो की मौत, 5 घायल
x
गणेश आगमन

मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच भुलेश्वर इलाके में बड़ा हादसा हो गया. शनिवार रात गणेश आगमन के दौरान 'भुलेश्वर चा राजा' की प्रतिमा गिर गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं. घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं.

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, घटना रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुई. यहां 'भुलेश्वर चा राजा' की गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान लाई जा रही थी. इसी दौरान प्रतिमा गिर गई, जिसकी चपेट में कुछ लोग आ गए. हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस सेवा समेत नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची. उसके बाद घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया.

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हो गई. दोनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. अधिकारियों ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है.

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है. दस दिन चलने वाले इस त्योहार में घरों के साथ सार्वजनिक पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं. मुंबई में प्रतिमाओं को पंडाल तक लाने के लिए आगमन जुलूस भी निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं. इस दौरान ढोल-ताशों के साथ गणेश प्रतिमाओं को पंडाल तक पहुंचाया जाता है. भुलेश्वर में शनिवार रात हुआ हादसा भी ऐसे ही आगमन समारोह के दौरान हुआ.

Next Story