रात डेढ़ बजे दो भाइयों की हत्या, राजधानी के इस गली में ताबड़तोड़ फायरिंग

दिल्ली। आज सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। हमलावरों ने गोली मारकर दो भाइयों की जान ले ली है। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं, दूसरे की मौत अस्पताल ले जाने के बाद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी वारदात को किस रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें भी घोषित कर दी हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार (16 दिसंबर) की सुबह करीब 1:40 बजे जाफराबाद इलाके में फायरिंग की घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर एक शख्स मृत मिला, जिसकी पहचान फजील (31) के रूप में हुई। वह जाफराबाद की गली नंबर 30/8 का रहने वाला था। वहीं, फजील के भाई नदीम (33) को परिवार वाले JPC अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में जाफराबाद पुलिस ने BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।





