
x
दो मासूम भाइयों की हत्या का आरोपी फरार
Chhatarpur छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो मासूम भाइयों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन से लापता दोनों बच्चों के शव रविवार को एक कुएं में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कृषि उपज मंडी के पीछे रहने वाले निरपत सिंह यादव के बेटे सचिन यादव (12) और प्रेम यादव (8) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे दो दिन पहले स्कूल गए थे। स्कूल की छुट्टी के बाद वे घर लौट रहे थे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।
काफी तलाश के बाद जब बच्चों की जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने लवकुशनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों बच्चों की तलाश शुरू की थी। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि पहाड़ तरे के पुरवा और पुरवा बम्होरी गांव के पास स्थित एक कुएं में दो बच्चों के शव दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल फैल गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बालेंद्र सिंह नाम का व्यक्ति दोनों बच्चों को पहले से जानता था। आरोप है कि वह बच्चों को खिलाने के बहाने अपने साथ लेकर गया था, जिसके बाद दोनों वापस घर नहीं लौटे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी बच्चों को अपने गांव की ओर ले गया और कथित तौर पर उन्हें कुएं में फेंक दिया। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और पूरी घटना का क्रम पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि मामला कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी बालेंद्र सिंह की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





