
x
सांकेतिक तस्वीर (AI)
आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
Moradabad मुरादाबाद: सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सरकारी महिला चिकित्सालय में एक घंटे के भीतर नवजात शिशुओं को चोरी करने की दो अलग-अलग कोशिशें सामने आईं। हालांकि सुरक्षा गार्डों और परिजनों की सतर्कता से दोनों नवजातों को सुरक्षित बचा लिया गया और दो संदिग्धों को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पहली घटना मातृ एवं शिशु कल्याण (MCH) विंग में हुई, जहां एक महिला ने मरीज के परिजन बनकर प्रवेश किया और एक नवजात को गोद में उठाकर भागने की कोशिश की। शोर मचने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक पहचान पत्र भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान अमरोहा निवासी के रूप में हुई।
इसके कुछ ही समय बाद सर्जिकल वार्ड में दूसरी कोशिश हुई। एक युवक ने एक नवजात बच्ची को उठाकर बाहर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और बच्ची को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, पकड़ा गया युवक अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था और उसकी स्कूटी की नंबर प्लेट भी ढकी हुई थी। इससे संदेह है कि वह पहले से योजना बनाकर आया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अस्पताल के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
Next Story





