भारत

अनुमति बिना वैष्णो देवी रूट में घोड़े मुहैया करा रहे थे, दो गिरफ्तार

Nilmani Pal
25 April 2025 7:15 AM IST
अनुमति बिना वैष्णो देवी रूट में घोड़े मुहैया करा रहे थे, दो गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

जम्मू। रियासी जिले में श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए पोनी सेवा (घोड़े या खच्चर की सुविधा) संचालित करने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पुलिस की नियमित गश्त के दौरान श्री गीता माता मंदिर के पास एक व्यक्ति को रोका गया, जो खुद को पूरन सिंह बता रहा था. जांच में सामने आया कि उसका असली नाम मनीर हुसैन है. वह किसी अन्य व्यक्ति का अधिकृत सेवा कार्ड इस्तेमाल कर अवैध रूप से पोनी सेवा चला रहा था.

पुलिस ने बताया कि इस मामले में कटरा थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है. एक अन्य मामला बनगंगा पुल के पास सामने आया, जहां कोटली (जम्मू जिला) निवासी साहिल खान को बिना वैध लाइसेंस के पोनी सेवा संचालित करते हुए पकड़ा गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसके पास कोई अधिकृत अनुमति नहीं है. पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.

अधिकारियों ने बताया कि वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी और वैरिफिकेशन अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने सभी सर्विस प्रोवाइडर्स से अपील की है कि वे वैध दस्तावेज अपने साथ रखें और आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने का आग्रह किया है. गौरतलब है कि हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. इस घटना के बाद से जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है.


Next Story