
x
बोरी में छिपाकर मासूम को ले गए दूसरे जिले
RIWA रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में ढाई साल की बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सीधी जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में बच्ची को पालने की कथित इच्छा अपहरण की वजह के रूप में सामने आई है। मामला समान थाना क्षेत्र की गड़रिया बस्ती का है। बच्ची की मां मजदूरी करने गई थी। वापस लौटने पर बेटी घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तो मां ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि बच्ची सुबह अपने भाई के साथ आंगनवाड़ी केंद्र गई थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आंगनवाड़ी में काम करने वाली एक युवती और पास में रहने वाली महिला की भूमिका संदिग्ध मिली।
आरोप है कि बच्ची को आंगनवाड़ी केंद्र से ले जाने के बाद बोरी में रखकर सीधी जिले के धनेत गांव पहुंचाया गया। पुलिस ने संभावित ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद तत्काल एक टीम सीधी भेजी। रात में कार्रवाई करते हुए बच्ची को धनेत गांव से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में रविशंकर मालवीय, केशकली कोल, रिया वर्मा और रीनू रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संतान नहीं होने और बच्ची को पालने की इच्छा की बात सामने आई है। पुलिस अब अपहरण की पूरी योजना और चारों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
Next Story





