भारत
पत्नी पर भद्दा कमेंट सुनते ही बना कातिल! 2 साल में दो दोस्तों की हत्या का आरोप
jantaserishta.com
13 Oct 2026 10:51 AM IST

x
जानें स्टोरी.
बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. एक शख्स पर अपनी पत्नी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के चलते दो साल के भीतर अपने दो दोस्तों की हत्या करने का आरोप है. पहली वारदात वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में हुई थी, जहां आरोपी ने कथित तौर पर अपने दोस्त की सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इस मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद अब उसका नाम बागपत में एक और दोस्त की हत्या में सामने आया है. पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर भी फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव का है. यहां गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बच्चों ने शव देखा और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान गांव के रहने वाले पुष्पेंद्र के रूप में हुई.
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और सर्विलांस की मदद ली. जांच के दौरान मृतक के दोस्त मनोज की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली. वारदात के बाद से उसके फरार होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस का शक गहराया और उसकी तलाश तेज कर दी गई.
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक मनोज और पुष्पेंद्र खेत में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुष्पेंद्र ने कथित तौर पर मनोज की पत्नी को लेकर भद्दी टिप्पणी कर दी. इस बात से मनोज नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पुष्पेंद्र का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव को गन्ने के खेत में छोड़कर फरार हो गया.
जांच में मनोज का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में गार्ड की नौकरी के दौरान मनोज ने अपने दोस्त योगेश की सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. उस मामले में भी पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के कारण विवाद हुआ था. इस केस में मनोज और उसकी पत्नी जेल गए थे. बाद में मनोज को जमानत मिल गई थी.
बागपत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मनोज भगवानपुर नांगल गांव के पास मौजूद है. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से मृतक पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया.
सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, दोघट थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की गई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





