भारत

'बम-गोली नहीं, विकास से जीता भरोसा', माओवादी क्षेत्रों पर बोले पीएम मोदी

SHIDDHANT
22 Jun 2026 9:27 PM IST
बम-गोली नहीं, विकास से जीता भरोसा, माओवादी क्षेत्रों पर बोले पीएम मोदी
x
45 हजार गांवों तक पहुंची कनेक्टिविटी: पीएम
Delhi दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने केवल सुरक्षा अभियानों पर ही नहीं, बल्कि आम लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करने पर भी विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले माओवादी प्रभावित इलाकों में भय और असुरक्षा का माहौल था। कई बार संचार सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया जाता था और विकास कार्यों में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं। इसके बावजूद सरकार ने इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का अभियान जारी रखा।
उन्होंने बताया कि देशभर के माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में 9,500 से अधिक मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरदराज के इलाकों में संचार व्यवस्था मजबूत हुई है। इसके अलावा लगभग 45,000 गांवों तक कनेक्टिविटी पहुंचाई गई है, जिससे लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल रही है। प्रधानमंत्री के अनुसार, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए माओवादी प्रभावित जिलों में 1,800 से अधिक बैंक शाखाएं खोली गई हैं। साथ ही लगभग 75,000 बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट नियुक्त किए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा 6,000 से अधिक नए डाकघरों की स्थापना भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार की रणनीति केवल "बम और गोली" तक सीमित नहीं रही। विकास, रोजगार, शिक्षा, बैंकिंग और संचार सुविधाओं के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास किया गया है। इसी कारण आज कई माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत संकल्प और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए सरकार ने उन क्षेत्रों तक विकास पहुंचाया है, जहां लंबे समय तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा था।
Next Story