
x
Washington वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच एक समझौता लगभग तय हो गया था, लेकिन अंतिम समय में ईरान पीछे हट गया और हालात बिगड़ गए। मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, "दो दिन पहले हमारी एक डील हुई थी। वह पूरी तरह तय हो गई थी, लेकिन अचानक ईरान उसे पूरा नहीं कर पाया। उन्हें उस समझौते की कुछ बातें पसंद नहीं आईं। इसके बाद उन्होंने ही पहले हमला किया और यही उनकी सबसे बड़ी गलती थी। हमने उन्हें बुरी तरह से पछाड़ा है।"
ट्रंप ने आगे दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमने ईरान के साथ जो किया है, उससे उनकी लगभग पूरी सैन्य क्षमता खत्म हो गई है। राष्ट्रपति के इस बयान से एक बार फिर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य गतिविधियों और कूटनीतिक तनाव में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच तनाव का असर पूरे खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है। हालांकि, ट्रंप के इन दावों पर ईरान की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों देशों से संयम बरतने और विवादों का समाधान बातचीत के माध्यम से निकालने की अपील करता रहा है।
Next Story





