
x
Delhi दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा है कि अमेरिका जल्द ही ईरान पर जारी नौसैनिक घेराबंदी खत्म कर सकता है और इस पर अंतिम फैसला लेने के लिए वह व्हाइट हाउस के ‘सिचुएशन रूम’ में बैठक करने जा रहे हैं। यह वही केंद्रीय कमांड रूम है, जहां वैश्विक सुरक्षा और सैन्य संकटों पर उच्चस्तरीय निर्णय लिए जाते हैं।
ट्रंप के अनुसार प्रस्तावित समझौते में ईरान के साथ युद्धविराम को आगे बढ़ाना, होर्मुज स्ट्रेट को खोलना और ईरान की परमाणु क्षमता को खत्म करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के परमाणु केंद्रों से जुड़े यूरेनियम को अमेरिका निकालकर पूरी तरह नष्ट करेगा। ट्रंप ने कहा कि यह प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय परमाणु एजेंसी (IAEA) के साथ मिलकर की जाएगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान को यह सुनिश्चित करना होगा कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि समुद्री रास्तों पर लगी पाबंदियां हटाई जाएंगी और जहाजों की आवाजाही सामान्य होगी। उनके अनुसार, पहले लगाए गए अवरोधों और बारूदी सुरंगों को हटाने का काम भी शुरू हो चुका है।
दूसरी ओर ईरान ने इन दावों को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ट्रंप के बयान “आधा सच और आधा झूठ” हैं। ईरानी सूत्रों का कहना है कि किसी भी समझौते में परमाणु सामग्री को नष्ट करने का प्रावधान नहीं है। वहीं बातचीत अभी अंतिम चरण में है और कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ईरान की ओर से यह भी कहा गया है कि किसी भी समझौते में भरोसा केवल ठोस कदमों पर आधारित होगा, केवल बयानों पर नहीं। दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रहने से क्षेत्रीय स्थिति पर वैश्विक नजर बनी हुई है।
Next Story





