
x
पुलिस जांच
Lucknow लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इटावा पुलिस लाइन में करीब एक महीने के भीतर महिला की आत्महत्या का दूसरा मामला सोमवार को सामने आया है। 2 जुलाई को जहां एक सिपाही की पत्नी ने पुलिस लाइन में फांसी लगाकर जान दे दी थी। वहीं, अब सैफई थाने में तैनात 2019 बैच की महिला कांस्टेबल प्रियंका ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसकी उपचार के दौरान पीजीआई सैफई में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने उसके पति रजत को गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली प्रियंका इटावा पुलिस लाइन में रह रही थी। जहरीले पदार्थ के सेवन करने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। उसे तत्काल डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर होने पर पीजीआई सैफई रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान प्रियंका ने दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचकर मामले की जांच की और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर प्रियंका के बड़े भाई सौरभ के मुताबिक, उनकी बहन और सहारनपुर निवासी रजत कुमार की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। इसके बाद करीब तीन वर्ष पहले दोनों ने शादी कर ली। शादी के कुछ समय बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गया। शादी के बाद रजत उसकी बहन को डरा-धमकाकर रखता था। यहां तक कि प्रियंका के सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद करवा दिए गए थे। पति के व्यवहार से प्रियंका काफी परेशान रहती थी। परिवार का कहना है कि वैवाहिक जीवन में लगातार विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
सौरभ ने बताया कि रजत पहले ही पांच लाख रुपए का लोन ले चुका था। इसके बाद वह दोबारा पांच लाख रुपए का लोन लेने के लिए प्रियंका पर दबाव बना रहा था। वहीं, प्रियंका के पिता नाथीराम ने पुलिस को दी तहरीर में सात लाख रुपए का लोन कराने की मांग किए जाने का आरोप लगाया है। पिता नाथीराम की तहरीर के मुताबिक, शादी के बाद प्रियंका के परिवार ने एक बोलेरो कार और एक बाइक दिलवाई थी। इसके अलावा करीब दो लाख रुपए नकद देने का भी दावा किया गया है। पिता ने बताया कि बेटी की शादी में खर्च के लिए उन्होंने दो बीघा जमीन बेच दी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त पैसों की मांग जारी रही।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रजत आए दिन प्रियंका के साथ मारपीट करता था। पति की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर प्रियंका करीब आठ महीने तक अपने मायके में रही थी। पिता नाथीराम का आरोप है कि लगातार मारपीट, मानसिक परेशानी और आर्थिक दबाव के कारण उनकी बेटी ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। प्रियंका के पिता नाथीराम ने थाना सिविल लाइन में तहरीर देकर रजत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। परिजनों की ओर से लगाए गए दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पैसों की मांग के आरोपों की जांच कर रही है।
मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी नगर इटावा अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि थाना सैफई में तैनात महिला कांस्टेबल द्वारा विषैले पदार्थ का सेवन किए जाने और उपचार के दौरान पीजीआई सैफई में उसकी मृत्यु होने के संबंध में थाना सिविल लाइन में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
TagsEtawah NewsUP PoliceWoman Constable DeathPriyanka ConstableSaifai Police StationHusband ArrestedDomestic ViolenceDowry HarassmentUttar Pradesh NewsPolice Investigationइटावा समाचारयूपी पुलिसमहिला कांस्टेबल मौतप्रियंका कांस्टेबलसैफई थानापति गिरफ्तारघरेलू हिंसादहेज उत्पीड़नउत्तर प्रदेश समाचारपुलिस जांचजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





