
x
आरोपी के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
Panna पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लोढ़ा पुरवा गांव की रहने वाली 22 वर्षीय सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा की आत्महत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा और कॉलेज की टॉपर रही सृष्टि ने कथित रूप से ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी जान दे दी।
मृतका ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें वह रोते हुए अपनी परेशानियों का उल्लेख करती दिखी। वीडियो में उसने भीना गांव निवासी बड़कू ठाकुर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वह उसे लगातार प्रताड़ित और गलत काम करने के लिए दबाव डाल रहा था। इसके साथ ही छात्रा ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा, जिसमें उसने स्पष्ट लिखा कि उसकी आत्महत्या के लिए परिवार जिम्मेदार नहीं है। नोट में उसने आरोपी पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया।
पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों से चैटिंग और अन्य सबूत भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पिता ने भी आरोपी पर अपनी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।मामले को लेकर ब्राह्मण समाज में आक्रोश व्याप्त है। समाज के कई प्रतिनिधियों ने अजयगढ़ थाना में ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अजयगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में पूरी तरह जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट, वीडियो, मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है, और जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





