भारत

बेटी के जन्म पर 'तीन तलाक', आरोपी पति पर FIR

jantaserishta.com
11 May 2026 9:33 PM IST
बेटी के जन्म पर तीन तलाक, आरोपी पति पर FIR
x
जानें पूरा मामला.
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में घरेलू हिंसा और तीन तलाक का मामला सामने आया है. तहसील पुलिस थाना क्षेत्र में रहने वाली एक मुस्लिम विवाहिता ने अपने पति और सास के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया और आखिर में पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया. पुलिस के अनुसार, मस्कासाथ इतवारी निवासी 32 वर्षीय रुखसार शेख ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है. रुखसार की शादी 31 मई 2024 को इमरान रशीद शेख से हुई थी. बताया जा रहा है कि इमरान की यह दूसरी शादी थी.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उसकी सास सईदा बेगम रशीद शेख उसे परेशान करने लगी. आरोप है कि सास अपने बेटे को बहू के खिलाफ भड़काती थी, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ने लगे. रुखसार ने 11 अगस्त 2025 को बेटी आयरा को जन्म दिया. पीड़िता का आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद पति और सास का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. दोनों उसे बेटी पैदा होने को लेकर ताने देने लगे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे.
पीड़िता के मुताबिक, पति इमरान कई बार उसके साथ मारपीट भी करता था. आरोप है कि 24 अप्रैल को इमरान ने रुखसार की बेरहमी से पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी. इसी दौरान उसने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस की मदद से रुखसार को अस्पताल पहुंचाया गया. इसके बावजूद भी प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका. पीड़िता का आरोप है कि 24 मई को भी उसके साथ मारपीट की गई.
लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर रुखसार ने आखिरकार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पति इमरान रशीद शेख और सास सईदा बेगम के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट, जान से मारने की धमकी और मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज किया है. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इमरान पर पहली पत्नी को प्रताड़ित करने के आरोप भी लग चुके हैं. वहीं पीड़िता के परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल तहसील पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story