
x
विभागीय जांच के आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कार्रवाई की है। आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और जनसुनवाई में उदासीनता सामने आने के बाद 12 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों और चौकियों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई की जद में कई चौकी प्रभारी और उपनिरीक्षक आए हैं। इनमें गोमतीनगर, चिनहट, गुडंबा, आलमबाग, मड़ियांव और बीकेटी क्षेत्र के चौकी प्रभारी शामिल हैं।
इसके अलावा सुशांत गोल्फ सिटी, मोहनलालगंज, दुबग्गा, वजीरगंज, पारा और गौतमपल्ली क्षेत्रों में तैनात उपनिरीक्षकों को भी लाइन हाजिर किया गया है।
बताया जा रहा है कि जनसुनवाई और आईजीआरएस के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही थी। शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित नहीं किए जाने को कार्रवाई का आधार बनाया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी 12 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई निर्धारित होगी। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस कमिश्नरेट ने साफ संदेश दिया है कि जनशिकायतों को गंभीरता से लेना प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही करने वालों पर जवाबदेही तय की जाएगी।
Next Story





