भारत

हरभजन सिंह के घर की दीवार पर लिखा ‘गद्दार’ , वीडियो में क्या आया नजर?

jantaserishta.com
25 April 2026 5:00 PM IST
हरभजन सिंह के घर की दीवार पर लिखा ‘गद्दार’ , वीडियो में क्या आया नजर?
x
देखें वीडियो.
चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में मचे घमासान के बीच आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसदों के खिलाफ गुस्सा सड़कों पर भी दिखाई दे रहा है. पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह के आवास के बाहर काले रंग से 'पंजाब का गद्दार' लिख दिया गया, जबकि आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया. इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर तीखा हमला बोला और उन्हें 'गद्दार' करार दिया. चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने न केवल आम आदमी पार्टी बल्कि पंजाब की जनता के विश्वास के साथ भी विश्वासघात किया है.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में राजनीतिक जमीन न होने के कारण दलबदल की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है और इसके लिए डर, लालच और दबाव की रणनीति अपना रही है. मान ने कहा कि पंजाब में 'बेअदबी' के खिलाफ सख्त कानून लागू होने के बाद से भाजपा की बेचैनी साफ दिख रही है.
भगवंत मान ने कहा कि भाजपा को पंजाब और पंजाबियों से समस्या है. जो भी चीज पंजाब के लोगों को खुशी देती है, भाजपा उसे बिगाड़ने की कोशिश करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी, तब केंद्र ने राज्य के ग्रामीण विकास के लिए मिलने वाली राशि रोक दी.
उन्होंने कहा कि भाजपा का देशभर में यही तरीका रहा है कि क्षेत्रीय दलों को कमजोर किया जाए. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और शरद पवार के दल, तथा अन्य कई क्षेत्रीय शक्तियों को इसी तरह निशाना बनाया गया.
मुख्यमंत्री ने भाजपा को 'बंदे खानी पार्टी' बताते हुए कहा कि जिस दल से वह गठबंधन करती है, अंततः उसी को निगल जाती है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास भरोसेमंद नेतृत्व नहीं है, इसलिए वह दूसरों की पार्टियां तोड़ने में लगी रहती है.
पार्टी छोड़ने वालों पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि इन्हें बिना जनता के बीच गए, बिना हाथ जोड़कर वोट मांगे, सीधे बड़े पद मिल गए. लेकिन जब सब कुछ तैयार मिला, तो उन्होंने निजी स्वार्थ के लिए रास्ता बदल लिया. उन्होंने कहा कि विज्ञान ने बहुत प्रगति कर ली है, लेकिन अब तक ऐसी कोई मशीन नहीं बनी जो नेताओं के मन की बात पढ़ सके.
राघव चड्ढा पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नेता आज पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं, वे लंबे समय तक सत्ता का लाभ उठाते रहे. उन्होंने कहा कि पंजाब की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने के लिए उन्हें जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने अपनी कुर्सी के लिए जनता को धोखा दिया.
मान ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कृषि कानूनों पर पीछे हटना पड़ा, जिसके बाद से भाजपा पंजाब के प्रति नाराज है. उन्होंने कहा कि यही कारण है कि पार्टी राज्य में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने साफ कहा कि आम आदमी पार्टी किसी व्यक्ति विशेष से बड़ी है. छह-सात लोगों के जाने से पंजाब नहीं बदलता. पंजाब की जनता आज भी पार्टी के साथ खड़ी है और गद्दारी करने वालों को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा. पंजाब विधानसभा चुनाव अगले वर्ष होने हैं, ऐसे में यह राजनीतिक संघर्ष और भी तेज होता दिखाई दे रहा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story