भारत

दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से शराब सेल्समैन की मौत

Shantanu Roy
17 May 2026 2:25 PM IST
दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से शराब सेल्समैन की मौत
x
जांच में जुटी पुलिस
Chittorgarh. चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में शराब दुकान के सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का एक पैर कटकर अलग हो गया और ट्रक के आगे के दोनों टायर तक निकल गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को कुछ दूरी तक ले गया और फिर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के रिठौला चौराहे पर हुआ। जानकारी के अनुसार भदेसर क्षेत्र के धरोल गांव निवासी महेंद्र सिंह (45) पुत्र भवानी सिंह ओछड़ी स्थित शराब दुकान पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह वे रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वे चित्रकूट होटल के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका एक पैर कटकर अलग हो गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण टक्कर के बाद ट्रक के आगे के दोनों टायर निकल गए। इसके बावजूद चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने की कोशिश की और कुछ दूरी तक वाहन चलाकर ले गया। बाद में वह ट्रक को सड़क किनारे एक होटल के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए ट्रक नंबर के आधार पर वाहन को ट्रेस किया। कुछ ही देर में ट्रक को बरामद कर लिया गया और उसे जब्त कर थाने ले जाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मृतक के चचेरे भाई रतन सिंह की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया गया है। ASI हीरालाल ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है।
Next Story