भारत

वैशाली में दर्दनाक नाव हादसा, PM मोदी ने किया 2 लाख मुआवजे का ऐलान

SHIDDHANT
14 Oct 2026 12:14 AM IST
वैशाली में दर्दनाक नाव हादसा, PM मोदी ने किया 2 लाख मुआवजे का ऐलान
x
गंगा नदी में पलटी नाव, कई मौतें, प्रधानमंत्री ने जताया शोक
बिहार। बिहार के वैशाली जिले में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। गंगा नदी में नाव पलटने से बच्चों सहित कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।


वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार, 13 अक्टूबर की रात यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, नाव में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। सभी गंगा नदी पार कर एक भोज कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नाव बीच नदी में पलट गई। हादसे में बच्चों सहित कई लोगों की जान चली गई। ताजा मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मृतकों की संख्या 13 बताई गई है, जबकि सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोगों की तलाश भी जारी बताई गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि बिहार के वैशाली में नाव पलटने से लोगों की मौत बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में बताया कि स्थानीय प्रशासन हादसे से प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। केंद्र की ओर से मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
प्रधानमंत्री की घोषणा के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। स्थानीय लोगों ने भी नदी में गिरे यात्रियों को बचाने में मदद की। पानी से निकाले गए घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि नाव में सवार अधिकतर यात्री बच्चे और युवा थे। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और अपने परिजनों की तलाश करने लगे।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत कार्य के साथ मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। नाव पलटने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सहायता करना, घायलों को उपचार उपलब्ध कराना और लापता लोगों की तलाश करना है।
Next Story