भारत
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 32 घंटे बाद ट्रैफिक बहाल, यात्रियों को मिली राहत
jantaserishta.com
5 Feb 2026 11:09 AM IST

x
मुंबई: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आदोशी टनल के पास गैस टैंकर पलटने के बाद बने आपात हालात अब सामान्य हो गए हैं। रायगढ़ हाईवे पुलिस के मुताबिक, टैंकर से हो रहे गैस लीकेज को पूरी तरह रोक लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हाईवे से हटा दिया गया है। इसके साथ ही, करीब 32 घंटे तक बंद रही मुंबई की ओर जाने वाली ट्रैफिक लेन को खोल दिया गया है और यातायात सुचारू रूप से शुरू हो गया है।
रायगढ़ क्षेत्र की हाईवे सेफ्टी टीम के पुलिस अधीक्षक की ओर से गुरुवार को एक प्रेस नोट जारी कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रेस नोट के अनुसार, 3 फरवरी को शाम करीब 5 बजे यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 41/000 पर, आदोशी टनल के पास मुंबई की ओर जा रही लेन में प्रोपाइलीन गैस से भरा एक टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ज्वलनशील प्रोपाइलीन गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक को तत्काल बंद कर दिया गया। यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए घटना की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साझा की गई। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पुलिस, रायगढ़ जिला पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ, बीपीसीएल, हेल्प फाउंडेशन और रासायनिक विशेषज्ञों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
प्रेस नोट में बताया गया कि टैंकर से गैस लीकेज रोकना तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद सभी संबंधित एजेंसियों और रासायनिक विशेषज्ञों ने लगातार और अथक प्रयास किए। आखिरकार 5 फरवरी 2026 को तड़के करीब 1:30 बजे टैंकर से हो रहे गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने में सफलता मिली। इसके बाद टैंकर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। राहत कार्य के पूरा होने के बाद अब यशवंतराव चव्हाण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के साथ-साथ पुराना मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर भी ट्रैफिक सुचारू रूप से चल रहा है।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। आपको बताते चलें, इस हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अब ट्रैफिक बहाल होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





