भारत

कल CJP के तिरंगा मार्च से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

SHIDDHANT
16 Oct 2026 12:30 AM IST
कल CJP के तिरंगा मार्च से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
x
कनॉट प्लेस में कल तिरंगा मार्च, दिल्ली पुलिस की एडवाइजरी जारी
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और अपनी यात्रा की योजना बनाकर चलें।
दोपहर 3 बजे से यातायात प्रभावित होने की आशंका
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च आयोजित करने का ऐलान किया है। इसे देखते हुए दोपहर 3 बजे से मध्य दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जरूरत पड़ने पर वाहनों के मार्ग बदलने और अस्थायी प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है।
इन 19 रास्तों पर पड़ सकता है असर
एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंबा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, अशोक रोड, तिलक मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
सेंट्रल पार्क दो दिनों के लिए बंद
नई दिल्ली नगर परिषद ने प्रशासनिक कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रखने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में भीड़ जुटाने और प्रस्तावित मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जा रही है।
यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की सलाह दी है। लोगों से मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
Next Story