भारत

धान की रोपाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर पलटा, तीन महिलाओं की मौत

jantaserishta.com
14 July 2026 5:12 PM IST
धान की रोपाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर पलटा, तीन महिलाओं की मौत
x
करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए.
अररिया: बिहार के अररिया जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए। हादसा भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज गांव में उस समय हुआ जब धान की रोपनी के लिए महिला मजदूरों को लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 में सुबह हुआ।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर सवार सभी मजदूर धान की रोपनी के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कई महिला मजदूर उसके नीचे दब गईं, जिससे घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली के नीचे फंसी महिलाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस हादसे में मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी की मौत हो गई। मृतक महिलाओं की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली के नीचे दबने से 8 से 10 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story