भारत

सैलानियों को रास आ रहा माउंट का मौसम, ले रहे आनंद

Shantanu Roy
7 May 2024 9:57 AM GMT
सैलानियों को रास आ रहा माउंट का मौसम, ले रहे आनंद
x
सिरोही। सिरोही अर्बुदांचल की हसीन वादियों के मध्य बसे पर्यटन स्थल माउंट आबू का मौसम देश विदेश से आने वाले सैलानियों को खासा रास आ रहा है। रविवार सवेरे हल्की हवा चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा। पर्यटकों ने सड़कों, बाजारों में चहलकदमी करते हुए प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद कर पर्यटन यात्रा को यादगार बनाया। अधिकतम तापमान में आई गिरावट से तापमान 27.6 व न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्थानीय भ्रमणकारियों व गुजरात के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटकों ने वन्य क्षेत्र के आस पास की पगडंडियों पर भ्रमण करते हुए एडवेंचर का लुत्फ उठाया। रविवार की छुटटी के चलते स्कूली बच्चों को भी विभिन्न उद्यानों में मौज-मस्ती करते देखा गया। वही देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक भी मौसम को लेकर आनंदित देखे गए।

क्षेत्र के विभिन्न दर्शनीय स्थलों ओम शांति भवन, आध्यात्मिक संग्रहालय, भारत माता नमन स्थल, गुरु शिखर, पीस पार्क, अचल गढ़, शंकर मठ, अधर देवी, देलवाडा मंदिर, संत सरोवर से लेकर सनसेट प्वाइंट तक पर्यटक प्रफुल्लित नजर आए। माउंट आबू पर्यटन स्थल माउंट आबू की हसीन वादियों का दीदार करने आए पर्यटकों से बाजार रौनकजदा रहे। गत ढाई दिनों में तीन हजार 237 छोटे-बड़े वाहनों के जरिए हजारों पर्यटकों ने माउंट आबू की वादियों को निहारने का आनंद लिया। जिसके चलते वाहन कर के रूप में पालिका कोष में पांच लाख एक हजार 750 रुपए की शुद्ध राजस्व जमा हुई। वाहन कर नाका सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को 1230 छोटे-बड़े वाहनों से एक लाख 43 हजार 850, शनिवार को 1830 वाहनों से दो लाख 08 हजार 450 व रविवार अपराहन चार बजे तक 1285 वाहनों से एक लाख 49 हजार 450 रुपए वाहन कर के रूप में अर्जित किए गए। इससे कुल चार हजार 346 छोटे-बड़े वाहनों से वाहन कर के रूप में पांच लाख एक हजार 750 रुपए का शुद्ध राजस्व अर्जित किया गया।
Next Story