भारत

टमाटर नहीं 'मजेदार', हजारों किसानों ने खेतों में छोड़ दी फसल

jantaserishta.com
14 Feb 2025 5:43 PM IST
टमाटर नहीं मजेदार, हजारों किसानों ने खेतों में छोड़ दी फसल
x

सांकेतिक तस्वीर

महीनों पसीना बहाकर टमाटर की बंपर पैदावार करने वाले...
रांची: महीनों पसीना बहाकर टमाटर की बंपर पैदावार करने वाले झारखंड के कई किसानों ने फसलें खेतों में सड़ने के लिए छोड़ दी हैं। वजह यह है कि थोक बाजार में टमाटर मात्र दो-तीन रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहा है। कहीं-कहीं तो थोक खरीदारी करने वाले बिचौलिए एक रुपए प्रतिकिलो से ज्यादा कीमत देने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में किसानों की मेहनत और लागत का मूल्य भी नहीं निकल पा रहा है।
कई किसानों ने तो तैयार फसल ट्रैक्टर से रौंद डाली है। बड़े पैमाने पर खेती करने वाले किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है। चतरा, लातेहार, हजारीबाग, जमशेदपुर, रामगढ़, बोकारो, रांची, लोहरदगा, गिरिडीह सहित कई जिलों में हजारों एकड़ इलाके में टमाटर की खेती हुई है, लेकिन जनवरी से ही बाजार में भाव में लगातार गिरावट आ रही है।
हालत यह है कि खुदरा बाजार में भी अधिकतम पांच से दस रुपए प्रतिकिलो से ज्यादा कीमत नहीं मिल पा रही है। खेत से फसल तोड़कर बाजार तक लाने में मजदूरी और किराए पर जितना खर्च होता है, उतना पैसा भी नहीं मिल पा रहा। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा निवासी किसान सोनाराम मांझी बताते हैं कि एक कैरेट में 40 से 50 किलो टमाटर आता है, जिसे थोक खरीदार सिर्फ 30 से 35 रुपए भी खरीद रहे हैं। चतरा के करनी निवासी किसान रघुनाथ महतो कहते हैं कि टमाटर की इतनी भी कीमत नहीं मिल रही, जितना खर्च इसके पौधे लगाने और सिंचाई में हुआ है। एक एकड़ में टमाटर उपजाने में 35 से 40 हजार रुपए तक का खर्च आता है और अभी टमाटर का जो भाव है, उसमें प्रति एकड़ फसल के हिसाब से आठ से दस हजार का नुकसान हो रहा है।
लातेहार के बालूमाथ निवासी किसान पच्चु महतो ने बताया कि टमाटर का महंगा बीज लेकर खेतों में लगाया था। खाद से लेकर पटवन पर काफी खर्च हुआ और अब खरीदार रुपए-दो रुपए किलो से ज्यादा कीमत देने को तैयार नहीं हैं। हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में ऐसे कई किसान हैं, जिन्होंने अपनी फसल खेत में ही सड़ने के लिए छोड़ दी है। बड़कागांव में पिछले साल के कई किसानों ने टमाटर की फसलें न बिकने पर बाजारों में सड़कों पर फेंक दी थी।
फूलगोभी, पत्ता गोभी, पालक जैसी सब्जियों के भाव में भी लगातार गिरावट से किसान मायूस हैं। चतरा के किसान रामसेवक दांगी कहते हैं कि इसी तरह साल दर साल नुकसान होता रहा तो खेती छोड़कर दूसरे धंधे में लग जाएंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story