आज CM योगी और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुजफ्फरनगर दौरे पर

यूपी। मुजफ्फरनगर में आज होने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर के नुमाइश मैदान में आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं, जहां मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम के तहत दोनों नेता सबसे पहले अस्पताल चौराहे पर पहुंचकर माता अहिल्याबाई चौक पर स्थापित मूर्ति का अनावरण करेंगे। उसके बाद वृहद रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे और फिर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
रोजगार मेले को लेकर खास तैयारियां की गई हैं। इसमें सैकड़ों कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है, जबकि 10 हजार से ज्यादा युवाओं के पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन ने इस मेले में करीब 5 हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। मेले के लिए अलग-अलग कंपनियों के स्टॉल और कैंप तैयार किए गए हैं। जनसभा स्थल पर मंच पूरी तरह तैयार है और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। डीएम, एसएसपी समेत तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं और अधीनस्थों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। जनसभा स्थल पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमें लगातार जांच कर रही हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। प्रशासन को उम्मीद है कि इस जनसभा में 20 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटेगी। ऐसे में पूरे शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, वहीं राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।





