भारत

बिहार का भविष्य बदलने के लिए सरकार बदलना जरूरी: सचिन पायलट

jantaserishta.com
2 Nov 2025 2:16 PM IST
बिहार का भविष्य बदलने के लिए सरकार बदलना जरूरी: सचिन पायलट
x
पटना: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने रविवार को कई सीटों पर महागठबंधन के फ्रेंडली फाइट को लेकर कहा कि कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है। यह एक पार्टी की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि फ्रेंडली फाइट में कोई दुश्मन नहीं होता है। कोई भी जीते पर साथ रहेंगे।
पटना में मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि डबल इंजन की सरकार फेल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार को बिहार दौरे को लेकर कहा कि इससे पहले वे बिहार आए हैं, उनमें से कितने वादे पूरे हुए हैं? उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा पलायन होता है और सबसे ज्यादा शिक्षित बेरोजगार हैं। लोगों के भविष्य को बदलने के लिए यह सरकार बदलना जरूरी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, लेकिन दिल्ली के दबाव में वे कैसे सरकार चला रहे हैं, यह हम सब देख रहे हैं। उम्मीद नहीं थी कि वे सत्ता के लालच में इतने लाचार हो जाएंगे। ये सच है कि उनके लिए कुर्सी का मोह और सत्ता का लालच बिहार के लोगों से ऊपर है।
सचिन पायलट ने कहा कि आज बिहार में जो बदलाव का माहौल है, वह चरम सीमा पर पहुंच गया है। बिहार के लोग अब बदलाव चाहते हैं। वे केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, व्यवस्था परिवर्तन चाहते हैं। जिस प्रकार का शासन बिहार में है, वह असफल हो गया है।
भाजपा और जदयू पुराने आश्वासनों को भूलकर नए वादे कर वोट बटोरने की कोशिश कर रही हैं। वह पूरी तरह नाकाम रहेगी। महागठबंधन के सभी साथियों ने मिलकर जो संक्षिप्त लेकिन मजबूत वादे जनता से किए हैं, उस पर लोगों को भरोसा है।
उन्होंने बिहार में पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां बेहतर बिहार बनाने के लिए हम सभी लोग साथ आए हैं। जो बिहार की जनता उम्मीद जता रही है, उस पर हम खरा उतरेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा खंडित जनादेश लेकर आई है। वह बैसाखियों के सहारे सत्ता में बैठी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story