भारत

तिरंगा यात्रा: मनोज तिवारी को मांगनी पड़ी माफी, जानें वजह

jantaserishta.com
3 Aug 2022 2:44 PM IST
तिरंगा यात्रा: मनोज तिवारी को मांगनी पड़ी माफी, जानें वजह
x

न्यूज़ क्रेडिट: आजतक

नई दिल्ली: 15 अगस्त को देश की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं. इस मौके को खास बनाने बीजेपी ने दिल्ली में तिरंगा यात्रा निकाली. हालांकि, इस दौरान हेलमेट न पहनने पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी लोगों के निशाने पर आ गए. हालांकि, बाद में मनोज तिवारी ने माफी मांगी. उन्होंने कहा कि वे हेलमेट न पहनने पर चालान भरेंगे.

मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, आज हेलमेट न पहनने के लिए माफी मांगता हूं. मैं चालान भरूंगा. उन्होंने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि फोटो में मेरी बाइक का नंबर साफ दिख रहा है. उन्होंने कहा, आप सभी से निवेदन है कि बिना हेलमेट दो पहिया वाहन न चलाएं. सावधानी से चलें, आपके परिवार और दोस्तों को आपकी जरूरत है.
बीजेपी की ओर से अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई. यह यात्रा दिल्ली के लाल किले से इंडिया गेट होते हुए संसद भवन तक निकाली गई. इस यात्रा में एनडीए के सभी सांसद और मंत्री शामिल हुए. हालांकि, विपक्ष ने इस आयोजन से किनारा कर लिया. इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में जुबानी जंग भी हुई.
जहां सत्ता पक्ष तिरंगा रैली से किनारा करने को लेकर विपक्ष पर हमलावर हो गया है, वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सत्ता पक्ष पर पलटवार किया है. राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में ट्वीट कर कहा है कि देश की शान है हमारा तिरंगा, हर हिंदुस्तानी के दिल में है हमारा तिरंगा.
लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने इसे लेकर कहा कि कौन देशभक्त है, सब जानते हैं. देश की आजादी के लिए जो अखबार निकाला गया था, उसके खिलाफ क्या घिनौनी साजिश हो रही है, ये भी देखो. अधीर रंजन ने कहा कि हम बीजेपी का राजनीतिक एजेंडा कैसे लेंगे, हम अपना आयोजन करेंगे. अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सरकारी कार्यक्रम में जो राजनीतिक एजेंडा चलाया जाता है, उसमें कैसे शामिल हों. सरकार की आड़ में बीजेपी राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है.


jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story