भारत

टिकटॉक स्टार सुमीरा राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

Shantanu Roy
26 July 2025 11:16 PM IST
टिकटॉक स्टार सुमीरा राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
x
बड़ी खबर
Islamabad/Ghotki. इस्लामाबाद/घोटकी। पाकिस्तान की लोकप्रिय टिकटॉक कंटेंट क्रिएटर सुमीरा राजपूत की मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। 58,000 से अधिक फॉलोअर्स और 10 लाख से अधिक लाइक्स रखने वाली सुमीरा की लाश सिंध प्रांत के घोटकी जिले के बागो इलाके में स्थित उनके घर में संदिग्ध हालत में पाई गई। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, सुमीरा की मौत जहर से हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के
अनुसार
, उन्हें कथित तौर पर कुछ लोगों ने जहरीली गोलियां दी थीं। सुमीरा की 15 वर्षीय बेटी — जो खुद भी टिकटॉक पर सक्रिय है यह गंभीर आरोप लगाए हैं। बेटी ने बयान में कहा कि कुछ लोग उनकी मां पर जबरन शादी का दबाव बना रहे थे, और विरोध करने पर उन्हें जहर दे दिया गया।
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों — बाबू राजपूत और मुहम्मद इमरान — को हिरासत में लिया है। घोटकी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अनवर शेख ने बेटी के बयान की पुष्टि की है, हालांकि अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है कि कहीं कोई साजिश या साजिश के तहत हत्या तो नहीं की गई। घोटकी के एसएसपी मुहम्मद अनवर खेतान ने बताया कि सुमीरा राजपूत का पोस्टमार्टम किया गया है और मेडिकल रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण ‘जहर’ स्पष्ट हुआ है। रिपोर्ट के आधार पर अब पुलिस हत्या के एंगल से आगे की जांच में जुट गई है।
इस घटना ने पाकिस्तान में महिलाओं, खासकर सोशल मीडिया पर सक्रिय युवतियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। जियो न्यूज़ के मुताबिक यह पहला मामला नहीं है, जब किसी महिला कंटेंट क्रिएटर को इस तरह निशाना बनाया गया हो। पिछले महीने ही 17 वर्षीय टिकटॉकर सना यूसुफ की इस्लामाबाद में उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने आरोपी उमर हयात को गिरफ्तार कर लिया था। एक के बाद एक हो रही ऐसी घटनाएं पाकिस्तान के डिजिटल स्पेस में महिलाओं की भागीदारी को खतरनाक बना रही हैं। जहां एक ओर सोशल मीडिया युवतियों के लिए आत्मनिर्भरता और अभिव्यक्ति का मंच बनता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें उत्पीड़न, हिंसा और अब हत्या तक का शिकार होना पड़ रहा है।
मानवाधिकार संगठनों और महिला कार्यकर्ताओं ने इस घटना की तीखी निंदा की है और सरकार से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर #JusticeForSumiraRajput ट्रेंड कर रहा है, जिसमें यूजर्स आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि वे जल्द ही केस की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जाएगी। अब देखना यह है कि क्या सुमीरा राजपूत को जल्द न्याय मिलेगा या यह मामला भी बाकी मामलों की तरह लंबी जांच और अदालती कार्यवाही में उलझ कर रह जाएगा।
Next Story