
x
Anantnag अनंतनाग। आगामी Amarnath Yatra को लेकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित नुनवान बेस कैंप में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सीआरपीएफ की 116वीं बटालियन के कमांडेंट Rajesh Kumar ने बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले ही सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि बेस कैंप पहुंचने वाले सभी यात्रियों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही उनके सामान और वाहनों की भी बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
राजेश कुमार ने बताया कि सीआरपीएफ की विभिन्न टीमें नुनवान बेस कैंप और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं। यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बल आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। पहलगाम शहर में भी यात्रियों के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के लिए त्रिस्तरीय और कई स्थानों पर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। आधुनिक निगरानी उपकरणों, चेकिंग पॉइंट्स और गश्ती दलों के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि मजबूत सुरक्षा प्रबंधों और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते इस वर्ष अमरनाथ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न होगी।
Next Story





