भारत

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: घायल ड्राइवर ने हमलावरों के बताए हुलिए, हमले से पहले की थी रेकी

jantaserishta.com
19 Oct 2026 10:18 AM IST
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: घायल ड्राइवर ने हमलावरों के बताए हुलिए, हमले से पहले की थी रेकी
x
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में 3 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर में हमलारों के हुलिए के बारे में जानकारी दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि हमलावरों ने हमले से पहले रेकी की थी।
एफआईआर के मुताबिक, रविवार शाम 7 बजे टाइगर श्रॉफ अपनी कार से फुटबॉल खेलने गए थे। वहां से लौटते समय उनकी कार पर दो अज्ञात हमलावरों ने पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में टाइगर श्रॉफ के केयरटेकर और ड्राइवर फिरदौस इब्राहिम बलोच घायल हो गए। फायरिंग के दौरान एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी।
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता फिरदौस इब्राहिम बलोच (47) पिछले 28 वर्षों से टाइगर श्रॉफ के केयरटेकर के रूप में काम कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वह उनकी गाड़ी भी चलाते हैं। रविवार शाम 7 बजे टाइगर श्रॉफ और फिरदोस सांताक्रूज पश्चिम स्थित एम.एम. मैट्रिक्स जिम से कार में सवार होकर विले पार्ले पश्चिम स्थित जमुनाबाई नर्सरी इंटरनेशनल स्कूल के ग्राउंड में फुटबॉल खेलने गए थे। फुटबॉल खेलने के बाद जब दोनों वापस लौट रहे थे, तब स्कूल ग्राउंड के गेट से बाहर निकलकर बाईं ओर मुड़ते समय उनकी कार को निशाना बनाया गया।
शिकायत के अनुसार, करीब 20 से 25 साल की उम्र के दो अज्ञात हमलावरों ने कार के सामने और बाईं ओर से फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ और कार में मौजूद फिरदौस को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
एफआईआर में उनके भागने के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन का भी जिक्र है। पुलिस इस मामले में हमलावरों के साथ-साथ उनके सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। हमले में फिरदोस इब्राहिम बलोच के बाएं हाथ की कलाई के पास गोली लगी, जिससे उनका हाथ जख्मी हो गया। इसके अलावा उनके दाहिने हाथ की अनामिका उंगली की हड्डी में फ्रैक्चर होने की जानकारी एफआईआर में दर्ज है।
घटना के बाद टाइगर श्रॉफ ने खुद कार की ड्राइविंग सीट संभाली और घायल फिरदौस को लेकर सांताक्रूज पुलिस स्टेशन पहुंचे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सांताक्रूज पश्चिम स्थित नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस फायरिंग में टाइगर श्रॉफ को भी छाती और दाहिने हाथ पर चोटें आईं (उन्हें गोली नहीं लगी है)। वहीं, रास्ते पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी छाती में गोली लगी। घायल व्यक्ति का कूपर अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिकायत में दोनों हमलावरों के कपड़ों और शारीरिक बनावट का विवरण दर्ज किया गया है। पहले आरोपी की उम्र करीब 20 से 25 साल, दुबला-पतला शरीर और लंबाई करीब साढ़े पांच से छह फीट है। हमलावर ने सफेद रंग की फुल स्लीव शर्ट, काली पैंट और सफेद जूता पहना था।
वहीं, दूसरे हमलावर की उम्र करीब 20 से 25 साल है। दुबला-पतला शरीर और लंबाई करीब साढ़े पांच से छह फीट है। सिर पर सफेद लोगो वाली काली कैप, हल्के नीले रंग की फुल स्लीव शर्ट, काली पैंट और सफेद जूता पहना था। तीसरा संदिग्ध चॉकलेट रंग की गोल गले वाली फुल स्लीव शर्ट पहना था, जिसके सीने की तरफ सफेद पट्टी थी। उसने खाकी रंग की पैंट और काले-सफेद जूते पहने हुए थे। शिकायत के मुताबिक, यह व्यक्ति मोटरसाइकिल पर था और हमलावरों की मदद कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने हमले से पहले इलाके की रेकी की थी। फायरिंग करने से पहले वे पुष्पा पार्क के पास करीब 45 मिनट तक इंतजार करते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन पहुंचे और पुलिस बीट चौकी के पास ऐसी जगह बाइक छोड़ दी, जहां सीसीटीवी की नजर नहीं पड़ने की आशंका है। आरोपियों के सूरत की ओर जाने का संदेह है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story