भारत

जमीन पर गिराया, बाल पकड़कर पीटा… पत्नी संग पूर्व विधायक ने की मारपीट, VIDEO वायरल

SHIDDHANT
4 Sept 2026 8:06 PM IST
जमीन पर गिराया, बाल पकड़कर पीटा… पत्नी संग पूर्व विधायक ने की मारपीट, VIDEO वायरल
x
पत्नी संग कथित मारपीट का VIDEO वायरल पूर्व विधायक पर गंभीर आरोप
Bulandshahr बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी तीसरी पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा ने उन पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। अर्चना पांडा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि गुरुवार को वह अपने बेटे समर पंडित के साथ घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान पूर्व विधायक गुड्डू पंडित अचानक उनके घर पहुंचे और जोर-जोर से दरवाजा पीटने लगे। आरोप है कि वह गुस्से में चिल्ला रहे थे और दरवाजा खोलने के लिए दबाव बना रहे थे।




अर्चना के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, गुड्डू पंडित ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर घसीटा। घटना के दौरान दोनों के बीच काफी देर तक विवाद हुआ। वायरल वीडियो में एक महिला और पुरुष के बीच कहासुनी हो दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला द्वारा झाड़ू से मारने की कोशिश और दोनों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही वीडियो और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
अर्चना पांडा ने आरोप लगाया कि उनके साथ घरेलू विवाद को लेकर यह मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि गुड्डू पंडित बुलंदशहर जिले की राजनीति में चर्चित नाम रहे हैं। वह पूर्व विधायक रह चुके हैं और कई बार अपने बयानों और विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं, पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल कर रही है।
Next Story