भारत
'आत्मज्ञान से मनुष्य को आंतरिक शक्ति और आत्मविश्वास मिलता है', पीएम मोदी ने साझा किया सुभाषित
jantaserishta.com
4 Nov 2026 9:06 AM IST

x
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुभाषित साझा किया गया है। जिसमें अनुभव और ज्ञान के माध्यम से परम शांति का संदेश दिया गया है। प्रधानमंत्री की ओर से संस्कृत श्लोक, "प्रतिबोधविदितं मतममृतत्वं हि विन्दते। आत्मना विन्दते वीर्यं विद्यया विन्दतेऽमृतम्॥" साझा किया गया है, जिसका हिंदी भावार्थ है कि आत्मज्ञान से मनुष्य को आंतरिक शक्ति और आत्मविश्वास मिलते हैं, जो उसे मानसिक तनाव से मुक्त करते हैं। अपने अनुभव से अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानना ही सच्चा ज्ञान है और यही ज्ञान मनुष्य को परम शांति तथा अमरत्व की ओर ले जाता है।
पीएम मोदी की ओर से साझा किया गया यह श्लोक केनोपनिषद के तृतीय खंड के द्वितीय अध्याय का चौथा मंत्र है। केनोपनिषद सामवेदीय शाखा का एक प्रमुख उपनिषद है। इस उपनिषद में ब्रह्म (परम सत्य) के स्वरूप पर चर्चा की गई है। इसमें यह समझाया गया है कि ब्रह्म को संसार की सामान्य वस्तुओं या इंद्रियों के विषयों की तरह नहीं जाना जा सकता, बल्कि वह हमारी हर चेतना और आंतरिक बोध का आधार है।
इस श्लोक के माध्यम से बताया गया है कि ब्रह्म कोई बाहर की वस्तु नहीं है जिसे कहीं खोजा जाए; बल्कि हमारे भीतर होने वाले प्रत्येक ज्ञान, विचार और चेतना के हर स्तर पर जो द्रष्टा या साक्षी के रूप में विद्यमान है, वही सच्चा ब्रह्म है। जब व्यक्ति को हर अनुभूति में उस परम सत्य का बोध होता है, तब वह अज्ञान और मृत्यु (संसार-चक्र) से मुक्त हो जाता है।
इसके माध्यम से बताया गया है कि संसार में मिलने वाली भौतिक वस्तुएं, पद या धन से प्राप्त बल नाशवान होता है। वास्तविक और अटूट आध्यात्मिक शक्ति केवल अपनी आत्मा को पहचानने से ही मिलती है। अविद्या (अज्ञान) मनुष्य को बंधनों और दुखों में डालती है। ब्रह्मविद्या या आत्मज्ञान ही वह साधन है जो अज्ञान का नाश करके मनुष्य को अमरत्व और परम मुक्ति की ओर ले जाता है। इस श्लोक के माध्यम से संदेश दिया गया है कि परम सत्य को किताबी ज्ञान या बाहरी खोज से नहीं, बल्कि अपने भीतर की चेतना और आत्मबोध के द्वारा ही जाना जा सकता है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





